नई दिल्ली- अगले महीने 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे पर सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने FASTag Annual Pass की कीमत में 2.5% की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।
अब निजी वाहन मालिकों को यह पास लेने के लिए ₹3,075 खर्च करने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत ₹3,000 थी। यह पास देश भर के लगभग 200 टोल प्लाज़ा पर बिना रुके यात्रा करने की सुविधा देता है, जिससे लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को समय और पैसे दोनों की बचत होती है।
सालाना समीक्षा के तहत हुई बढ़ोतरी
सड़क परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, FASTag Annual Pass लॉन्च के समय ही इसकी कीमत की सालाना समीक्षा और संशोधन के लिए नियम बनाए गए थे। इस बार की बढ़ोतरी इसी समीक्षा प्रक्रिया के तहत की गई है।
मूल रूप से यह बढ़ोतरी हाईवे टोल दरों में बदलाव तय करने वाले फॉर्मूले के आधार पर लागू की गई है।
52 लाख से अधिक उपयोगकर्ता
सरकार ने FASTag Annual Pass 15 अगस्त को लॉन्च किया था। इसे उम्मीद से कहीं अधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और अब तक 52 लाख से अधिक वाहन मालिकों ने इसे अपनाया है।
इस पास की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे साल भर में कितनी भी बार रिचार्ज किया जा सकता है, जिससे यह लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए किफायती विकल्प बन गया है।
31 मार्च तक पुरानी दरों पर खरीदने का मौका
जो लोग कीमत बढ़ोतरी से बचना चाहते हैं, उनके लिए यह अच्छी खबर है कि 31 मार्च तक पास को रिचार्ज या नया पास खरीदा जा सकता है। इस अवधि में खरीदे गए पास की कीमत 3,000 रुपये ही रहेगी। 1 अप्रैल की सुबह से नई दर ₹3,075 लागू कर दी जाएगी।
सुविधा और कैशलेस सफर
FASTag Annual Pass वर्तमान में देशभर के 200 टोल प्लाज़ा पर मान्य है। इससे यात्रियों को बार-बार टोल देने की जरूरत नहीं पड़ती और सफर और भी सुविधाजनक बनता है। सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में और अधिक टोल प्लाज़ा इस पास के दायरे में आएं, जिससे कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले और हाईवे यात्रा आसान हो सके।







