आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग/ ग्राम पंचायत गुखेरा में संविधान निर्माता, ‘विश्व रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर अंबेडकर चौक परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्ध जन सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा डॉ. अंबेडकर के छाया चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित जनसमूह ने “बाबा साहेब अमर रहें” और “जय भीम” के नारों से परिसर को गुंजायमान कर दिया।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में सरपंच रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा बाबा साहेब केवल एक वर्ग के नेता नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए ज्ञान का प्रतीक रहे,उन्होंने हमें शिक्षित बनो,संगठित रहो एवं संघर्ष करो का मूल मंत्र दिया जो आज भी प्रासंगिक है तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम समाज में समानता और समरसता ला सकते हैं और हमारी पंचायत बाबा साहेब के सपनों के अनुरूप हर व्यक्ति को न्याय और समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब द्वारा महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए किए गए कानूनी सुधारों की चर्चा की।
युवाओं और बच्चों ने बाबा साहेब के जीवन पर आधारित कविताओं और विचारों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों ने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और सामाजिक कुरीतियों को मिटाने का संकल्प लिया।
इस गरिमामयी अवसर पर उपसरपंच घासीराम कुर्रे,पंच गण रेखराज देवांगन,सनत बघेल,डेविड ढीढी,गोवर्धन करकेल,रोहित बघेल,दसरु कुर्रे,दीनदयाल कुर्रे, परशु रात्रे, कुशाल देवांगन आदि एवं पंचायत सचिव, और ग्राम के वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन ने ग्रामीणों के बीच एकता और भाईचारे का एक नया संचार किया।








