कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर चादो मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत चादो, इदरी, नवाडीह एवं करचा में कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में बलरामपुर जिले के भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रभारी अंकुश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा, समानता और संवैधानिक अधिकारों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने का मार्ग दिखाया।
युवा मोर्चा प्रभारी अंकुश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के विचारों को अपनाने और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चादो मंडल अध्यक्ष शिवशंकर शुक्ला, जिला मीडिया सह-प्रभारी अजय यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सोनू गुप्ता सहित क्षेत्र के पंच-सरपंच, युवा मोर्चा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और समाज में भाईचारा व समानता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।







