संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा , चांपा। भारत के महान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर चांपा नगर में सर्व एकता मंच चांपा परिक्षेत्र के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। यह आयोजन लगातार पांचवें वर्ष सफलता पूर्वक संपन्न हुआ, जिसने सामाजिक एकता और जागरूकता का मजबूत संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत घटोली चौक से हुई, जहां अतिथियों एवं समिति के सदस्यों ने बाबा साहब के तैल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इसके पश्चात भव्य शोभा यात्रा एवं बाइक रैली का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली घटोली चौक से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन चांपा, शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पूरे नगर में भ्रमण करती रही। पूरे मार्ग में “जय भीम” और बाबा साहब के विचारों से जुड़े नारों की गूंज से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम का समापन अंबेडकर भवन में सामूहिक भोजन के साथ किया गया, जहां सभी प्रतिभागियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण कर सामाजिक समरसता का परिचय दिया। इस आयोजन में चांपा परिक्षेत्र के आसपास के गांवों एवं शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम और भी भव्य एवं सफल बन गया।
सर्व एकता मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल बाबा साहब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की, बल्कि समाज में एकता, समानता और भाईचारे के संदेश को भी मजबूती से स्थापित किया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे, ताकि नई पीढ़ी बाबा साहब के विचारों से प्रेरणा ले सके और एक सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।







