संवाददाता – निलेश सिंह
जांजगीर-चांपा:
जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। कांग्रेस नेता व सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के बड़े बेटे आयुष कश्यप (19) की तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मार दी। सिर व सीने में गोली लगने से आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से जख्मी है।रात साढ़े 12 बजे के करीब बदमाश घर में दाखिल हुए। उन्होंने पहले माता-पिता को कमरे में बंद किया, फिर बच्चों वाले कमरे में घुसकर गोलीबारी की। आयुष बीएएलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था,
जो अपनी दसवीं कक्षा पढ़ने वाली बहन व घायल छोटे भाई के साथ सो रहा था। बहन ने ही पुलिस को बताया कि तीनों हमलावर नकाबपोश थे। बदमाशों ने लूटपाट भी की—नगदी, मोबाइल व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घायल भाई का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।परिजनों का शक रेत कारोबार की रंजिश पर है। पिता सम्मेलाल कश्यप के मुताबिक, आयुष हाल ही में व्यवसाय में उतरा था और हाइवा-जेसीबी भी खरीद चुका था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम, साइबर सेल व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का मुआयना किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, शहर में नाकाबंदी कर आरोपी ढूंढे जा रहे हैं।

विवाद की आशंका-
परिजनों के अनुसार, आयुष ने रेत व्यवसाय में हाइवा व जेसीबी खरीदी थीं, जिससे प्रतिद्वंद्वियों से दुश्मनी बढ़ी। पिता सम्मेलाल कश्यप ने रेत माफिया पर धमकी का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने भी इसे व्यापारिक प्रतिस्पर्धा बताया।
विशेष कैम्प लगाकर आरोपी ढूंढे जा रहे-
करही गोलीकांड को गंभीरता से लेते हुए, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर दी गई है। ग्राम में विशेष पुलिस कैम्प लगाकर सघन पेट्रोलिंग, संदिग्धों से पूछताछ और मार्गों पर निगरानी तेज कर दी गई है।अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।आमजन से अपील: संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सहयोग करें।








