पुकार बाफना/बीजापुर। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार आरोपी कारवॉश सेंटर की आड़ में अवैध रूप से सूखे नशे का कारोबार संचालित कर रहा था। पूर्व कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से गोली, कैप्सूल और थिनर जैसी नशे की सामग्री भी बरामद की थी।
इस मामले में आरोपी के सहयोगी धर्मेंद्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी को मुखबिर की सूचना पर जिला दंतेवाड़ा से पकड़ा गया।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। बीजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नशा मुक्त समाज की दिशा में यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








