सारंगढ़ संवाददाता अशोक मनहर
बिलाईगढ़। बालपुर शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय, बालपुर में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास पर विशेष चर्चा की गई।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने कहा कि बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गरीब, किसान एवं मजदूर परिवारों के बच्चों की आंखों में बेहतर भविष्य के सपनों की चमक देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा कभी क्षेत्र के अनेक परिवारों का सपना हुआ करती थी, जो आज स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के माध्यम से साकार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि विधायक एवं संसदीय सचिव के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की जनता की मांगों को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था। उनके सहयोग से बिलाईगढ़ सहित क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना हुई, जिससे हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल रहा है। विद्यालयों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम इस पहल की सफलता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने पूर्व संसदीय सचिव का आत्मीय स्वागत किया और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को स्मरण करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। चंद्रदेव राय ने कहा कि जनता का विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद ही जनसेवा के लिए उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
विद्यालय के शिक्षकों के आग्रह पर उन्होंने बच्चों एवं शिक्षकों के साथ मध्यान्ह भोजन भी ग्रहण किया। बरगद के विशाल वृक्ष की शीतल छाया में बच्चों के साथ बिताए गए आत्मीय पल कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में भोजन करना उनके लिए अत्यंत सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








