जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में ग्राम रेंगाडीह में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्रीन फाउंडेशन के तत्वावधान में गांव में 500 फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का पौधारोपण किया गया। इस अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रीन फाउंडेशन के मार्गदर्शनकर्ता धन्नू साहू एवं अध्यक्ष टुकेश साहू ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की।
पौधारोपण अभियान में उपाध्यक्ष गेंद राम साहू, कोसा अध्यक्ष चोवा राम साहू, उप कोसा अध्यक्ष राजू राम साहू, सचिव गणपत साहू, विशेष सलाहकार धर्मेंद्र साहू, निर्देशक टेक राम साहू, संरक्षक खेमेश्वर साहू तथा उप संरक्षक गाजू राम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अभियान की विशेष बात महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गांव को हराभरा एवं स्वच्छ बनाने तथा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाने का संकल्प लिया।








