बलरामपुर/चांदो | संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत कंटरी गांव में तेज बारिश और गर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर चांदो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और बिजली कड़कने के दौरान लोग अक्सर पेड़ों के नीचे शरण लेते हैं, लेकिन यह हादसा सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा होना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मौसम में खुले मैदान, ऊंचे पेड़, बिजली के खंभे और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहना चाहिए।








