राजपुर (बलरामपुर) | संवाददाता : युसूफ खान
विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत ककना में रविवार को आयोजित पल्स पोलियो अभियान के तहत सामरी विधायक श्रीमती ऊद्धेश्वरी पैकरा ने बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की कामना करते हुए सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।

विधायक ऊद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया तथा अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा। सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए सहयोग का भरोसा जताया।








