Home चर्चा में एनएच-43 पर मौत का कहर: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर के बाद...

एनएच-43 पर मौत का कहर: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर के बाद ट्रक ने दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत, एक गंभीर

7
0

संवाददाता:- उमेश कुमार प्रजापति सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के बासेन में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठे दो युवक सड़क पर जा गिरे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है,

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर खून बिखर गया और घटनास्थल का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप और ट्रक दोनों चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गए।

पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर, ट्रक ने छीनी दो जिंदगियां के जान

जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी नान्हू (30 वर्ष) पिता शिवबोध, जयप्रकाश (35 वर्ष) पिता सुखराम तथा अकलसाय (25 वर्ष) पिता धनसाय हीरो बाइक क्रमांक CG-15-DW-1719 से सीतापुर की ओर से लौटते हुए अपने गांव मानपुर जा रहे थे। रात करीब 8:30 बजे बासेन के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठे नान्हू और जयप्रकाश सड़क पर गिर पड़े। उसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बाइक चला रहे अकलसाय गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और डायल-112 की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हेलमेट ने बचाई चालक की जान

इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था। यही कारण रहा कि उनकी जान बच गई। वहीं पीछे बैठे दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था और ट्रक की चपेट में आने से उनके सिर बुरी तरह कुचल गए।

दशकर्म की सूचना देकर लौट रहे थे तीनों युवक

बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने बड़े मां के निधन के बाद दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र गए थे। वहां से वापस अपने गांव मानपुर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही पूरे मानपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर एसडीओपी राजेन्द्र मंडावी एवं बतौली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवाया। पुलिस अज्ञात पिकअप और ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।

सीसीटीवी के अभाव में पुलिस के सामने चुनौती

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-43 के इस हिस्से में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों का अभाव है। कई स्थानों पर लगे कैमरे भी बंद पड़े हैं, जिससे दुर्घटना के बाद फरार वाहनों की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी शांतिपारा में भाजपा बूथ अध्यक्ष सूरज दास की सड़क दुर्घटना और बासेन-झुरीतालाब के पास दो छात्रों की मौत के मामलों में जिम्मेदार अज्ञात वाहन अब तक नहीं पकड़े जा सके हैं।

प्रशासन से उठी हाईटेक निगरानी की मांग

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और फरार हो रहे वाहनों को देखते हुए क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के संवेदनशील स्थानों पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे दुर्घटना करने वाले वाहनों की पहचान आसान होगी और पीड़ित परिवारों को समय पर न्याय मिल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here