सोमवार दोपहर कोरबा शहर में ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सो रहे एक हमाल पर जानलेवा हमला हो गया। पास में ही सो रहे एक अन्य व्यक्ति ने लकड़ी के पट्टे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला, जिसमें आरोपी द्वारा लकड़ी के पट्टे से हमला करते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम भरत साहू बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ भी बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि हत्या के पीछे असली कारण क्या था।








