आरंग संवाददाता – सोमन साहू
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा ऑनलाइन अटेंडेंस के आधार पर शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का वेतन आहरित करने संबंधी जारी आदेश क्रमांक/स्था.1/राज/वे.भु./2026/220 रायपुर दिनांक 27/07/2026 का कड़ा विरोध जताया है। संघ का कहना है कि विभाग द्वारा VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप की जमीनी हकीकत और उसकी गंभीर तकनीकी खामियों को नजरअंदाज कर यह अव्यावहारिक आदेश थोपा गया है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष संजय ठाकुर, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, महामंत्री मनोज राय एवं संभागीय सचिव ओंकार प्रसाद वर्मा ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर VSK ऐप की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य के दूरदराज और ग्रामीण अंचलों में नेटवर्क की भारी समस्या बनी रहती है। शाला परिसर में उपस्थित होने के बावजूद ऐप में शाला से दूरी (Location Error) दिखाई देता है। इतना ही नहीं कई बार Check-in की प्रविष्टि करने के बाद भी डेटा दर्ज नहीं होता और शाम को Check-out करते समय ऐप पुनः Check-in दर्ज करने को कहता है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि ऐप में व्याप्त इन गंभीर तकनीकी त्रुटियों के कारण 100% शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज होना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। ऐसे में ऐप की विफलता का खामियाजा शिक्षकों को अपने वेतन में कटौती के रूप में भुगतना पड़ सकता है। जो कि पूर्णतः अन्यायपूर्ण है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने पूर्व में भी शासन को मांग पत्र सौंपते हुए बायोमीट्रिक मशीन के माध्यम से प्रामाणिक उपस्थिति दर्ज कराने की मांग करता रहा है। संघ ने पुनः मांग की है कि ऑनलाइन VSK ऐप के स्थान पर विद्यालयों में बायोमीट्रिक मशीन से उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाए, एवं जब तक बायोमीट्रिक प्रणाली सुचारू रूप से स्थापित नहीं हो जाती तब तक पूर्ववत शाला की पारंपरिक शिक्षक उपस्थिति पंजी के आधार पर ही पूर्ण वेतन का आहरण सुनिश्चित किया जाए।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि VSK ऐप के आधार पर वेतन रोकने का यह तुगलकी फरमान तत्काल वापस नहीं लिया गया और शिक्षकों की जायज मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार नहीं किया गया तो प्रदेशभर के शिक्षक आंदोलन हेतु बाध्य होंगे। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासनप्रशासन एवं शिक्षा विभाग की होगी।
ओंकार प्रसाद वर्मा
(संभागीय सचिव)
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ रायपुर







