कुसमी बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
कुम्हारपारा में मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी, मवेशियों के चारों पैर और मुंह बांधकर स्कॉर्पियो में किया गया था परिवहन; आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में मवेशियों के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के मामले में कुसमी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन और दो मवेशियों को जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को कुसमी थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर कुम्हारपारा निवासी सी.जे. कुमार प्रजापति अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वाहन चालक ने उन्हें देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तस्लीम खान (28 वर्ष), निवासी साई टांगरटोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर बताया। वाहन की जांच करने पर उसमें दो मवेशी मिले, जिनके चारों पैर और मुंह बांधकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को शंकरगढ़ क्षेत्र से खरीदकर झारखंड के गुमला ले जाना बताया।
मामले में पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक जब्ती की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी तस्लीम खान को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस मामले में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।







