रायपुर, 2 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में संचालित सहयोग केंद्र के माध्यम से 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रदेश सरकार के मंत्रीगण कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मंत्रियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। कार्यकर्ताओं को दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे के बीच सहयोग केंद्र में अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के उपरांत जारी किए जाने वाले टोकन के आधार पर क्रमवार समस्याएं सुनी जाएंगी। फोन के माध्यम से पंजीयन मान्य नहीं होगा तथा व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
उपासने ने बताया कि सहयोग केंद्र में 3 अगस्त सोमवार को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहेंगे, इस प्रकार 4 अगस्त मंगलवार को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल , 5 अगस्त बुधवार को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री गजेंद्र यादव, 6 अगस्त गुरुवार को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री टंकराम वर्मा एवं 7 अगस्त शुक्रवार को जिनके पास आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन तथा पशुधन विकास विभाग के मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहेंगे साथ हीं निर्धारित तारीखों में क्रमशः fभाजपा संगठन के प्रदेश मंत्री जितेंद्र कुमार वर्मा, सुश्री ऋतु चौरसिया, शिवनाथ यादव , जयंती पटेल एवं विद्या सिदार भी उपस्थित रहेंगे ।
उपासने ने बताया कि इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को सूचना प्रेषित कर दी गई है, ताकि इसकी जानकारी मंडल एवं बूथ स्तर तक पहुंचाई जा सके और अधिक से अधिक कार्यकर्ता सहयोग केंद्र का लाभ उठा सकें।
प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज द्वारा मंत्रियों की उपस्थिति का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है जिसमें यह बताया गया है कि सहयोग केंद्र से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए कार्यकर्ता सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने से संपर्क कर सकते हैं।







