Home चर्चा में कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन की स्वीकृति पर प्रेस क्लब ने किया केंद्रीय राज्यमंत्री...

कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन की स्वीकृति पर प्रेस क्लब ने किया केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का स्वागत

26
0

मुंगेली संवाददाता – सुनील पाठक

रेल लाइन के लिए वर्षों से जारी संघर्ष को बताया क्षेत्रवासियों की जीत, प्रेस क्लब चौक पर हुआ स्वागत समारोह

मुंगेली। कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन निर्माण की विभिन्न बाधाओं को दूर कर पुनः स्वीकृति दिलाने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू के मुंगेली आगमन पर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने प्रेस क्लब चौक में उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री तथा मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले और पूर्व सांसद लखनलाल साहू का भी स्वागत किया गया।

मुंगेली में रेल लाइन लाने की मांग को लेकर प्रेस क्लब के बैनर तले क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष और विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से आवाज बुलंद की थी। रेल लाइन की स्वीकृति को प्रेस क्लब ने क्षेत्र के नागरिकों के साथ अपनी जीत बताते हुए इसे वर्षों के संघर्ष का परिणाम बताया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी, संस्थापक सदस्य मनोज अग्रवाल, संरक्षक शैलेन्द्र जायसवाल, प्रमोद पाठक, सुनील पाठक, प्रशांत शर्मा, राहुल पाठक, आशीष मिश्रा सहित अन्य नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे।

प्रेस क्लब के वरिष्ठ एवं संस्थापक सदस्य मनोज अग्रवाल ने कहा कि मुंगेली प्रेस क्लब सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सदैव नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर कार्य करता रहा है। जिला निर्माण आंदोलन से लेकर रेल लाइन की मांग, मुंगेली में शांति व्यवस्था तथा सर्वदलीय मुद्दों तक प्रेस क्लब के बैनर तले विभिन्न आंदोलनों और अभियानों को गति दी गई है।

उन्होंने बताया कि मुंगेली में रेल लाइन की मांग का संघर्ष काफी पुराना है। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित कई सांसदों ने अलग-अलग समय में इस मांग को संसद में उठाया। स्वर्गीय निरंजन केशरवानी ने बिलासपुर सांसद रहते हुए सबसे पहले रेल लाइन की मांग लोकसभा में उठाई थी। इसके बाद स्वर्गीय खेलनराम जांगड़े, जांजगीर सांसद रहते हुए स्वर्गीय प्रभात मिश्रा, चार बार बिलासपुर सांसद रहे पुन्नूलाल मोहले तथा बिलासपुर सांसद के रूप में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने भी इस मांग को आगे बढ़ाया। स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव ने मांग उठाने के साथ मुंगेली में रेल टिकट काउंटर भी खुलवाया था।

इसके अलावा सांसद लखनलाल साहू, अरुण साव, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय तथा दुर्ग सांसद सरोज पाण्डेय ने भी संसद में मुंगेली को रेल सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई।

प्रेस क्लब ने साइकिल यात्रा सहित विभिन्न आंदोलनों में भाग लेकर रेल लाइन की मांग को फिर तेज किया। इसके बाद तत्कालीन सांसद लखनलाल साहू ने संसद में इस मुद्दे को उठाया। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ किए गए प्रयासों के बाद रेल लाइन को स्वीकृति भी मिली थी, हालांकि जमीन अधिग्रहण और राज्यांश से जुड़े कार्य शेष रह गए थे। इसके बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब पांच वर्ष तक यह मामला आगे नहीं बढ़ सका।

वर्ष 2024 में तोखन साहू के बिलासपुर सांसद बनने और बाद में केंद्रीय राज्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन की मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखी। लगातार प्रयासों के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा 50 प्रतिशत भागीदारी देने के निर्णय के बाद रेल लाइन की स्वीकृति का रास्ता साफ हुआ।

प्रेस क्लब के सदस्यों ने कहा कि कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन की स्वीकृति निश्चित रूप से केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के प्रयासों और वर्षों से संघर्षरत प्रेस क्लब सहित क्षेत्र के नागरिकों की एकजुटता का परिणाम है। यह रेल लाइन मुंगेली क्षेत्र के विकास, आवागमन और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here