संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर। धमतरी में आयोजित 26वीं शालेय राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सेजस कन्या रतनपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय की तीन छात्राओं ने अपने-अपने वजन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की कुमारी सुभद्रा यादव, कक्षा 10वीं की अस्मिता गायकवाड़ एवं कक्षा 9वीं की काव्या यादव ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वजन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन तीनों प्रतिभावान छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इसी प्रतियोगिता में सेजस कन्या रतनपुर की कक्षा 8वीं की छात्रा मान्यता कश्यप ने अपने वजन वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 11वीं कला संकाय की छात्रा शुभांगी प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं द्वारा किए गए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विशेष रूप से तीन छात्राओं के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने से विद्यालय के साथ-साथ रतनपुर क्षेत्र में भी खुशी की लहर है।

विद्यालय के प्राचार्य महोदय एवं समस्त स्टाफ ने सभी खिलाड़ी छात्राओं की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राज्य स्तरीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
सेजस कन्या रतनपुर की इन प्रतिभावान खिलाड़ी छात्राओं की सफलता ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और लगन के बल पर ग्रामीण एवं छोटे शहरों की बेटियां भी खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।







