वीएमएस द्वारा प्रस्तुत ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026’ का भव्य आयोजन इंदौर स्थित होटल जॉर्डन में किया गया। देशभर से आई प्रतिभागियों ने इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और अद्भुत मंचीय प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता में गोंदिया, महाराष्ट्र की बेटी और रायपुर, छत्तीसगढ़ की बहू खुशबू शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मिसेज इंडिया अर्थ विनर 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
खुशबू शर्मा एक शिक्षिका, समाजसेवी और सिंगल मदर हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने के साथ-साथ वे लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। अपने संघर्ष, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच तक अपनी पहचान बनाई।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में खुशबू शर्मा का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। विशेष रूप से इंट्रोडक्शन राउंड, टैलेंट राउंड और इवनिंग गाउन राउंड में उन्होंने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ‘मिसेज इंडिया अर्थ विनर 2026’ के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशबू शर्मा ने कहा, “यह खिताब मेरे लिए केवल एक ताज नहीं है, बल्कि हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को पूरा करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभा रही है। मैंने हमेशा माना है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हमारे भीतर आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं है।”
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शुभचिंतकों और मार्गदर्शकों को देते हुए विशेष रूप से जितेंद्र सर और कविता मैम के प्रति आभार व्यक्त किया।
खुशबू शर्मा की इस उपलब्धि से गोंदिया, महाराष्ट्र और रायपुर, छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता उन तमाम महिलाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है, जो परिवार और समाज की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को भी जीवित रखती हैं।







