Home चर्चा में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की AGM में बड़ा फैसला: 40वें नेशनल गेम्स की...

छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की AGM में बड़ा फैसला: 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी का दावा, उद्योगों से सीधे जुड़ेंगे खेल संघ

4
0
संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
रायपुर/ कोमाखान: न्यू सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन (COA) की वार्षिक आमसभा और कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूती देने, आगामी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी और खिलाड़ियों के कल्याण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
मेघालय में पदकों पर नजर, 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी की तैयारी
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने बताया कि जनवरी-फरवरी 2027 में मेघालय में प्रस्तावित 39वें नेशनल गेम्स के लिए सभी राज्य खेल संघों को तत्काल प्रभाव से तैयारी और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को सौंपने के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और आईओए अध्यक्ष पी.टी. उषा को औपचारिक पत्र भेजा है। राज्य इसके लिए 2.5 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि पहले ही जमा करा चुका है।
सीएम साय का ऐलान: केंद्र की तर्ज पर लागू होगा कॉर्पोरेट मॉडल
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य में सम्मान और सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। खेलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार की तर्ज पर उद्योगों (CSR) से सीधी मदद का मॉडल छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जाएगा। ओलंपिक संघ के प्रस्तावों के त्वरित क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय (CMO) से जल्द एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक और मलखंब को मिलेगा और विस्तार
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग में ‘बस्तर ओलंपिक’ के सफल आयोजन और मलखंब खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए पारंपरिक खेलों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।
बैठक में उपाध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी ने उद्योगों द्वारा खेल संघों को गोद लेने का सुझाव दिया, जबकि डॉ. सिसोदिया ने ‘खेल उत्कर्ष योजना’ के जरिए संघों को एसोसिएशन के माध्यम से सीधा अनुदान देने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट और 2026-27 के वार्षिक बजट को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में सांसद विजय बघेल, कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा सहित प्रदेशभर के जिला एवं राज्य खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here