चरित्र हनन, धमकी और सोशल मीडिया पर कथित ट्रोलिंग के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला इकाई ने उठाई आवाज; डीजीपी से भी कार्रवाई की मांग
संवाददाता अशोक मनहर
सारंगढ़-बिलाईगढ़। पत्रकारों के खिलाफ कथित तौर पर चरित्र हनन, धमकी और सोशल मीडिया पर संगठित ट्रोलिंग के मामलों को लेकर अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति की सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला इकाई ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, नवा रायपुर को भी भेजी गई है। संगठन ने पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने और कथित रूप से पत्रकारों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने वाले लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संगठन का कहना है कि जनहित, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों को सामने रखने वाले पत्रकारों को कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्तिगत टिप्पणियों, चरित्र हनन और धमकियों का सामना करना पड़ता है। समिति ने ऐसे मामलों में तथ्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकारों के सम्मान की रक्षा का उठाया मुद्दा
ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी है। जब किसी व्यवस्था से जुड़े सवाल सामने आते हैं, तो पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें जनता तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि तथ्यों पर जवाब देने के बजाय यदि किसी पत्रकार को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया जाता है, तो यह गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के मान-सम्मान और उनकी सुरक्षा के मामले में संगठन किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
समिति ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
माफिया और कथित सिंडिकेट की जांच:
समिति ने पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को कथित रूप से निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों, भू-माफियाओं तथा संगठित गिरोहों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की।
पत्रकारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग:
जनहित के मुद्दों और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा देने की मांग की गई।
चरित्र हनन और फर्जी सामग्री पर कार्रवाई:
सोशल मीडिया पर कथित रूप से फर्जी जानकारी फैलाने, व्यक्तिगत रंजिश के चलते पत्रकारों और उनके परिवारों को निशाना बनाने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
बिलासपुर में भी संगठन ने सौंपा था ज्ञापन
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर बिलासपुर में भी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश प्रताप सिंह परिहार, राष्ट्रीय पदाधिकारी अमित संतवानी और उत्पल सेनगुप्ता के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है।
संगठन की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में यदि ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो प्रदेश स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष नरेश चौहान, कोषाध्यक्ष पिंग्धवज खांडेकर, ब्लॉक अध्यक्ष सारंगढ़ समीप अनंत, ब्लॉक अध्यक्ष बिलाईगढ़ युवराज निराला, ब्लॉक अध्यक्ष कोसीर गुलशन लहरे, ब्लॉक उपाध्यक्ष शंभु पटेल, ब्लॉक महासचिव तुलसीदास महंत और संतोषी तेंदुलकर सहित संगठन के पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।






