Home चर्चा में स्व. महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि पर संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

स्व. महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि पर संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

14
0

विमल सोनी/बिलासपुर। प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति बिलासपुर द्वारा फिल्मी दुनिया के मशहूर एवं लोकप्रिय गायक स्वर्गीय महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि के अवसर पर राघवेंद्र राव सभा भवन में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अपने नवम वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह उपस्थित रहे। वहीं श्रीमती रितु पांडेय अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गवई, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रंजीत सिंह खनूजा, समाजसेवक डॉ. तरु तिवारी, शिवा मुदलियार, मार्गरेट बेंजामिन तथा समिति के संरक्षक विजय दुबे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अतिथियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय महेंद्र कपूर के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती संध्या शर्मा द्वारा छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति से हुई।

इसके पश्चात स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों ने स्वर्गीय महेंद्र कपूर के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की मधुर आवाज और सुरों ने सभागार में उपस्थित संगीत प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में राजेंद्र सोनी, नवीन चंद्र, वीरेंद्र गवई, रमेश पांडेय, कमलेश पांडेय, श्रीमती संध्या शर्मा, कुमारी आंचल, रिया डोंगरे, श्रीमती श्रुति नायक एवं विजयलक्ष्मी गायकवाड़ सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया। स्वर्गीय महेंद्र कपूर के सदाबहार गीतों के माध्यम से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित संगीत प्रेमियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति के प्रमुख सदस्यों एवं पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति द्वारा लगातार नौ वर्षों से स्वर्गीय महेंद्र कपूर की स्मृति में आयोजित किया जा रहा यह संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम उनकी कला और संगीत के प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here