खिलेश साहू/कुरुद-
श्रीरामजानकी सर्व महिला गरबा महोत्सव 2026 के अंतर्गत रविवार, 4 अक्टूबर को चंद्राकर भवन, कुरुद में गरबा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण प्रारंभ होने के साथ ही महोत्सव को लेकर महिलाओं एवं बालिकाओं में उत्साह का माहौल है।
महोत्सव के अंतर्गत 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक गरबा प्रशिक्षण आयोजित है। प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 6 बजे तक दो शिफ्ट में संचालित होगा। इसके पश्चात मुख्य गरबा महोत्सव 11 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात्रि 7:30 बजे से 10 बजे तक चंद्राकर भवन में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। महोत्सव के दौरान पूजा एवं प्रसाद व्यवस्था, गरबा की थीम, प्रतिभागियों की वेशभूषा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। समिति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को पारंपरिक गरबा के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और नवरात्रि के उत्सव को उत्साहपूर्वक मनाना है।
समिति की अध्यक्ष नेहा चंद्राकर, उपाध्यक्ष नमिता चंद्राकर एवं सचिव सुरेखा चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्यों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि प्रशिक्षण एवं मुख्य महोत्सव का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव में महिलाओं एवं बालिकाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। गरबा प्रशिक्षण शुरू होने के साथ ही आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बैठक एवं तैयारियों में इनकी रही सहभागिता
आयोजन की तैयारियों एवं कार्ययोजना में अमृता देवांगन, भारती साहू, गायत्री चंद्राकर, श्वेता अग्रवाल, फूलबासन चंद्राकर, अंबिका चंद्राकर, मनीषा साहू, संध्या गोस्वामी, रजनी साहू, कमलेश्वरी, सीमा साहू, अंजू साहू एवं दीक्षांशी सेन सहित समिति की अन्य सदस्यों की सहभागिता रही। सभी सदस्य महोत्सव को सफल बनाने के लिए जुटी हुई हैं।







