-नशामुक्ति के साथ असामाजिक गतिविधियों पर भी कार्रवाई, 03 आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत किया गिरफ्तार
रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरई में नशे के खिलाफ जनजागरूकता और नशाबंदी को लेकर रतनपुर पुलिस द्वारा विशेष नशा जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
इस दौरान पुलिस ने क्षेत्र में बदमाशी एवं अशांति फैलाने वाले 03 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और नशे तथा असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बल मिला।

ग्रामीण महिलाओं ने भी नशे के खिलाफ एकजुट होकर पुलिस का सहयोग किया। ग्राम मोहतरई की महिलाएं रतनपुर थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी नीलेश कुमार पांडे से मुलाकात कर नशे के खिलाफ कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया।
महिलाओं ने कहा कि गांव में नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए पुलिस की पहल सराहनीय है। उन्होंने नशे के खिलाफ आगे भी पुलिस का सहयोग करने और ग्रामीणों को जागरूक करने की बात कही।
रतनपुर पुलिस की इस पहल से स्पष्ट संदेश गया कि नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रतनपुर पुलिस की तत्परता व जागरूकता की मोहतरई की महिलाओं ने की सराहना, थाने पहुंचकर जताया आभार
ग्राम मोहतरई की महिलाओं ने नशे के खिलाफ रतनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान एवं पुलिस की तत्परता को लेकर रतनपुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







