संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिले में किसानों को फसलों की आवश्यकता के अनुरूप समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोकन व्यवस्था के माध्यम से उर्वरक वितरण प्रारंभ हो चुका है। इसके लिए Framework for Fertilizer Sale (FFS) साफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है। टोकन व्यवस्था से किसानों को निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ ही वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुगम बनाया गया है। रबी 2026 से जिले के समस्त सहकारी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रय केन्द्रों से किसानों को टोकन के माध्यम से ही उर्वरक विक्रय किया जाना है। टोकन व्यवस्था लागू होने से वितरण केन्द्रों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसानों को व्यवस्थित तरीके से उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।

कृषि विभाग के मैदानी अमलों द्वारा आज मेसर्स आर.के.टेडर्स अकलतरा, मेसर्स किसान खाद भण्डार पामगढ़ एवं बम्हनीडीह सेवा सहकारी समिति से कृषकों को टोकन के माध्यम से यूरिया, डीएपी, सुपर फास्फेट उर्वरक दिलाया गया। कृषि विभाग के जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों द्वारा लगातार समिति प्रबंधकों, निजी कृषि केन्द्रों, प्रोपराईटर एवं किसानों को टोकन से उर्वरक वितरण व्यवस्था का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने जिले के किसानों से अपील की है कि अब से सभी किसान भाई अपने मोबाईल में Framework for Fertilizer Sale (FFS) साफ्टवेयर को डाउनलोड कर इसके माध्यम से ही उर्वरक बुक कर इसमें जारी टोकन को सेवा सहकारी समिति या निजी कृषि केन्द्र में दिखाकर उर्वरक प्राप्त करें तथा इसके प्रचार-प्रसार में भी सहयोग करें।







