रतनपुर। नगर के भेड़िमुड़ा वार्ड क्रमांक 8 में स्थानीय मोहल्लेवासियों एवं पूजा पंडाल के आयोजकों द्वारा मां लक्ष्मी पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुवार को विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी का हवन-पूजन किया गया। इसके पश्चात कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं शुक्रवार को पारंपरिक जस गीतों और माता रानी के जयकारों के बीच भक्तिमय वातावरण में मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं मोहल्लेवासियों को प्रसाद वितरण किया गया।

पूजा महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजकों एवं मोहल्लेवासियों ने आगामी वर्षों में मां लक्ष्मी पूजा के आयोजन को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं विशाल स्वरूप देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सभी मोहल्लेवासियों के आपसी सहयोग, एकता और सहभागिता से आने वाले समय में और भी बेहतर आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन ने पूरे वार्ड में भक्तिमय माहौल के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय मोहल्लेवासियों एवं पूजा समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।







