Home धर्म व त्यौहार लोक आस्था के महापर्व छठ की छाई छटा, आज खरना के साथ...

लोक आस्था के महापर्व छठ की छाई छटा, आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

10
0

लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय महापर्व का आज दूसरा दिन यानी खरना है। खरना को लेकर व्रती महिलाओं और पुरुषों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में सुबह से ही साफ-सफाई और प्रसाद तैयार करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

खरना छठ महापर्व का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर शुद्धता और पवित्रता के साथ गुड़ की खीर तथा गेहूं के आटे की रोटी तैयार की जाती है।

खरना के प्रसाद की अपनी अलग ही महत्ता है। गुड़ की मिठास और खीर की सुगंध से घरों का वातावरण भक्तिमय हो उठता है। पूजा के बाद सबसे पहले व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं, फिर परिवार और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।

खरना के साथ शुरू होगा कठिन निर्जला व्रत

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना की जाएगी।

कल अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य

15 नवंबर रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं 16 नवंबर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, प्रकृति प्रेम और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। इस महापर्व में अमीर-गरीब, छोटे-बड़े का भेद मिट जाता है और सभी श्रद्धालु एक साथ सूर्यदेव की आराधना करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here