महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा एवं जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 06 के ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है। ग्राम अमेरा से बोईरगांव मार्ग के निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा 5 करोड़ 11 लाख 33 हजार रुपये (₹511.33 लाख) की अनुमानित लागत से 3.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों को मिलेगा सुगम आवागमन का लाभ
निविदा प्रक्रिया पूरी होने से अब जल्द ही जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इस मार्ग के बन जाने से क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा ग्रामीण अंचल के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र क्रमांक 06 के प्रतिनिधि भीखम सिंह ठाकुर ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी एवं खल्लारी विधानसभा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्री भीखम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि खल्लारी विधानसभा और जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 06 में विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी।







