सरगुजा संवाददाता – अजय गौतम
अंबिकापुर।
पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में भाजपा का नारी शक्ति वंदन अधिनियम संभाग स्तरीय सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। छग शासन मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में आयोजित इस अतिथि स्वरूप कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, डॉ. शारदा भगत एवं कुसुम मिंज विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर तथा ‘वंदे मातरम’ एवं छग महतारी वंदन गीत गाकर की गई।

सम्मेलन में छग शासन मंत्री राजेश अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा, “पीएम मोदी जी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित हुआ है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।”
महापौर मंजूषा भगत ने कहा, “पीएम मोदी जी की प्रेरणा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत भागीदारी देगा, जो छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम संयोजक एवं महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फूलेश्वरी पैकरा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को निश्चित ही यह अधिकार मिलना चाहिए। जिसे दशकों तक सत्ता में स्थापित रहने वाली कांग्रेस पार्टी ने नहीं किया। जिस अधिनियम को दशकों पहले पारित हो जाना चाहिए था, वह लंबित रहा और आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की तो कांग्रेस के पेट में मरोड़ उठने लगा।

सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा, “पीएम मोदी जी के मार्गदर्शन में यह अधिनियम महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर लोकतंत्र को मजबूत करेगा।”
जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना हमारी जीत है, जिसे पीएम मोदी जी ने साकार किया।”

सम्मेलन को जिला महामंत्री अरुणा सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ. शारदा भगत ने भी विचार व्यक्त किए। अंत में अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का संचालन फूलेश्वरी सिंह ने सुचारू रूप से किया तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाडे ने आभार प्रदर्शन किया।
इसमें ममो प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रेणु सिंह, मधु चौदाहा, ऑटो चालक संघ की अनुपमा, नीलम राजवाड़े, प्रियंका गुप्ता, ममता तिवारी, सावित्री जायसवाल, अनिता गुप्त भारती, श्वेता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।







