Home चर्चा में कुसमी के सुदूर वनांचलों में पहुंचे कलेक्टर व एसपी, विकास कार्यों और...

कुसमी के सुदूर वनांचलों में पहुंचे कलेक्टर व एसपी, विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा हितग्राहियों से संवाद कर जानी जमीनी हकीकत, गुणवत्ता व समय-सीमा पर दिया जोर

18
0
 बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर, 16 अप्रैल 2026।
जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने विकासखंड कुसमी के विभिन्न ग्रामों का सघन दौरा किया। दौरे के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत चटनियां, गौतमपुर, नवाडीहकला, चुनचुना, कुदाग, पुंदाग एवं पीपरढाब का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, निर्माणाधीन सड़कों तथा बहुउद्देशीय केंद्रों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्री अभिषेक पाण्डेय, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता श्री जी.एस. सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पीएम जनमन आवास का निरीक्षण, भुगतान की समीक्षा के निर्देश
ग्राम चटनियां के गौतमपुर में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निरीक्षण किया। हितग्राही श्री मिथुन हरड्डे के निर्माणाधीन आवास का अवलोकन करते हुए उन्होंने लाभ की स्थिति की जानकारी ली। हितग्राही ने बताया कि वर्ष 2024-25 में स्वीकृति मिलने के बाद आवास निर्माण अंतिम चरण में है तथा उन्हें राशन कार्ड और आयुष्मान योजना का लाभ भी मिल रहा है। कलेक्टर ने सरपंच से चर्चा कर सभी हितग्राहियों को समय पर राशि भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन, मनरेगा कार्य, ग्रामीण सड़कों और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कटारा ने गांव में ज्योति महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें आय संवर्धन एवं बचत बढ़ाने के लिए प्रेरित किया और समूह आधारित गतिविधियों से आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया।
तालाब सौंदर्यीकरण और आंगनबाड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश
नवाडीहकला में तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जरियों एवं कुदाग में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बहुउद्देशीय केंद्र निर्माण में लापरवाही पर सख्ती
चुनचुना एवं पुंदाग में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने चुनचुना में रुके कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने और पुंदाग में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये केंद्र पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण
कलेक्टर एवं एसपी ने चुनचुना-पुंदाग-पिपरढाब मार्ग की 7 किलोमीटर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क पूर्ण होने पर लगभग 125 कोरवा परिवारों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सबाग से अकई कोना (2.8 किमी) तथा सामरी से सबाग (22 किमी) सड़कों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा दोनों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here