आईपीएल सीजन 19 के 32वें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह इस सीजन का सातवां मैच है। टीम ने अब तक खेले गए छह मुकाबलों में से चार में हार झेली है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। लगातार तीन मैच गंवाने के बाद ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम इस मुकाबले में वापसी कर जीत का सिलसिला शुरू करना चाहेगी।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स का भी यह सातवां मुकाबला होगा। टीम ने अपने छह मैचों में चार जीत दर्ज की हैं, लेकिन पिछले दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में राजस्थान की नजरें भी इस मैच में जीत हासिल कर फिर से लय में लौटने पर होंगी।
बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि आधा घंटा पहले 7 बजे टॉस होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, इकाना की पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
लखनऊ के लिए इस सीजन में ऐडन मार्करम शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 162 रन बनाए हैं और 160.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी है। हालांकि, अभी तक उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी (अर्धशतक/शतक) नहीं आई है।
गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा प्रभाव डाला है। इस युवा गेंदबाज ने 6 मैचों में 12 विकेट झटके हैं और 4/28 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। 9.91 की इकोनॉमी के बावजूद उनकी विकेट लेने की क्षमता टीम के लिए अहम साबित हुई है।








