Home चर्चा में प्रधान पाठक की आत्महत्या मामला: FIR दर्ज, दुष्प्रेरण के आरोप में ठेकेदार...

प्रधान पाठक की आत्महत्या मामला: FIR दर्ज, दुष्प्रेरण के आरोप में ठेकेदार गिरफ्तार

18
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना

सुसाइड नोट मिला, भुगतान विवाद और दबाव के चलते मानसिक तनाव में था मृतक; पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी

 बीजापुर | 22 अप्रैल 2026

बीजापुर जिले के पालनार स्कूल के प्रधान पाठक राजू पुजारी की आत्महत्या के मामले में थाना कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली गई है। इस मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (Abetment to Suicide) के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को ग्राम चेरपाल निवासी प्रधान पाठक राजू पुजारी द्वारा खेत-जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर मौके पर पहुंचकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की।

जांच के दौरान मृतक के पास से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया, जिसने मामले को गंभीर बना दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से स्कूल भवन निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे ठेकेदार देवाशीष मंडल द्वारा कराया जा रहा था। इस कार्य में लगभग 40 प्रतिशत राशि का भुगतान हो चुका था, जबकि शेष भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक लंबे समय से मानसिक तनाव में था। निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर कुछ लोगों द्वारा उस पर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह भयभीत और परेशान था।

अब तक की जांच, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या के दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल (36 वर्ष), निवासी डारापारा बीजापुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here