संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे
सारंगढ़:
10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में अपने-अपने परिणाम को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्रों ने अपनी मेहनत के अनुरूप सफलता हासिल कर खुशी व्यक्त की।
इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, कोसीर के छात्र यज्ञेय हंस ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 376 अंक (62.66 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। अपने परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए यज्ञेय ने कहा, “जितनी मेहनत उतनी उम्मीद—मुझे अपनी सफलता पर खुशी है। अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है।” उन्होंने अपने उन साथियों को भी बधाई दी, जिन्होंने उनसे बेहतर अंक प्राप्त किए।
विद्यालय में यज्ञेय एक आदर्श विद्यार्थी के रूप में पहचाने जाते हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय के प्राचार्य बी.आर. रत्नाकर ने फोन के माध्यम से बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यज्ञेय ने विशेष रूप से हिंदी विषय में अच्छे अंक मिलने पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर उनके छोटे भाई वैभव भावेश ने भी उन्हें बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, उनके पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे ने कहा कि पहले और अब की पढ़ाई में काफी बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि नियमित और स्वअध्ययन से ही विद्यार्थी अपनी मंजिल हासिल कर सकते हैं।
अंत में उन्होंने कोसीर अंचल के सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








