जिला संवादाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। शिक्षा के क्षेत्र में आज पलारी ने ऐसा इतिहास रच दिया, जिसकी गूंज पूरे छत्तीसगढ़ में सुनाई दे रही है। सरस्वती शिशु मंदिर पलारी के मेधावी छात्र जिज्ञासु वर्मा ने छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में 98.6% अंक हासिल कर मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश में टॉप कर लिया है।
इस ऐतिहासिक सफलता की सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि जिज्ञासु एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता नरेंद्र वर्मा एक छोटा सा किराना दुकान चलाते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे ने अपने हौसले, अनुशासन और दिन-रात की मेहनत से यह मुकाम हासिल कर दिखाया।

मेहनत का मास्टर प्लान बना सफलता की पहचान
पिछले दो वर्षों से लक्ष्य एकेडमी में अध्ययन करते हुए जिज्ञासु ने हर दिन को लक्ष्य बनाकर पढ़ाई की। संस्था की टेस्ट सीरीज में लगातार सभी विषयों में टॉप कर उन्होंने पहले ही अपनी प्रतिभा का संकेत दे दिया था।
टॉपर से मिला सम्मान, बढ़ा आत्मविश्वास
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिज्ञासु को पूर्व CGPSC टॉपर एवं वर्तमान सुकमा जिले के डिप्टी कलेक्टर रविशंकर वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया, जो उनके लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत साबित हुआ।
पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल
जैसे ही रिजल्ट की खबर सामने आई, पलारी सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। हर कोई इस होनहार छात्र की मेहनत, संघर्ष और सफलता की कहानी को सराह रहा है।
इस अवसर पर लक्ष्य एकेडमी के डायरेक्टर बी. एल. यादव एवं शिक्षकगण पंचन लाल, कुबेर कुमार और देवराज साहू ने जिज्ञासु वर्मा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्तंभ बनेगी।








