आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग/ छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में शिक्षा की अलख जगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘मिशन उत्कर्ष’ अब धरातल पर सुनहरे परिणाम देने लगा है। इस योजना ने न केवल ग्रामीण बच्चों के हौसलों को पंख दिए हैं, बल्कि आरंग विकासखंड के परीक्षा परिणामों में क्रांति ला दी है।
इस बार की मेरिट सूची में मंदिरहसौद की छात्रा मानसी टंडन ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। एक सफाई कर्मी की बेटी मानसी ने वाणिज्य संकाय में 96.40% अंक प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 10वां स्थान हासिल किया है। मानसी की इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब,एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मिशन उत्कर्ष का जादू केवल एक छात्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूलों के सामूहिक प्रदर्शन में भी बड़ी उछाल देखी गई है:
बकतरा स्कूल के सभी 32 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए तथा
सेमरिया स्कूल 46 में से 45 छात्रों ने प्रथम श्रेणी हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा कक्षा 10 वीं में 92 विद्यार्थी एवं कक्षा 12वीं में 34 विद्यार्थी 90% से अधिक अंक लाने में सफल रहे एवं प्रथम श्रेणी छात्रों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय मिशन उत्कर्ष अंतर्गत जिला कलेक्टर रायपुर डॉ गौरव कुमार सिंह के सटीक मार्गदर्शन,जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय के कुशल नेतृत्व एवं विकासखंड में उनके सतत निरीक्षण ,मोटिवेशनल क्लास, ब्लूप्रिंट आधारित शिक्षण,नियमित मासिक, त्रैमासिक,अर्धवार्षिक टेस्ट,,विषयवार रिवीजन,प्राचार्यों की चरणबद्ध समीक्षा बैठक को देते हुवे समस्त प्राचार्यों ,व्याख्याओं,शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों को बेहतर परीक्षा परिणाम की बधाई दी है।








