कोरबा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के सीएमपीएफ (कोल माइंस प्रोविडेंट फंड) विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर कौशिक को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए सीबीआई की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कुसमुंडा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सीबीआई की टीम ने कुसमुंडा स्थित कार्यालय के बाहर कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई।
सूत्रों के अनुसार, मनोहर कौशिक पर विभागीय कार्य कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की और पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि टीम सुबह से ही निगरानी कर रही थी और जैसे ही कथित लेन-देन हुआ, अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, सीबीआई की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
जानकारी यह भी सामने आ रही है कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सकती है। यदि जांच में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो आगे और कार्रवाई संभव मानी जा रही है।
फिलहाल सीबीआई की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।








