कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचा था निखिल सिंह, गहरे पानी में डूबने की आशंका
कुसमुंडा। कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर स्थित अहिरन नदी में मंगलवार दोपहर नहाने गए एक युवक के लापता हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू कार्य रोक दिया गया है, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
दोस्तों के साथ गया था नदी में नहाने
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एसईसीएल कुसमुंडा में कार्यरत डंपर ऑपरेटर निर्मल सिंह ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह मंगलवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ विकास नगर आईबीपी क्षेत्र स्थित एनटीपीसी रेलवे पुल के नीचे अहिरन नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि पहले उसके कुछ दोस्तों ने ऊंचाई से नदी में छलांग लगाई और तैरते हुए दूसरी ओर निकल गए। उन्हें देखकर निखिल ने भी नदी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निखिल कुछ देर तक पानी में दिखाई दिया, लेकिन बाद में अचानक गहरे पानी में समा गया और बाहर नहीं निकल पाया। दोस्तों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोर टीम
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नदी किनारे एकत्र हो गए। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। गोताखोर बोट के साथ नदी में उतरे और घंटों तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक निखिल का कोई पता नहीं चल सका।
अंधेरा होने पर रोका गया रेस्क्यू
लगातार कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर अंधेरा होने की वजह से अभियान को रोक दिया गया। प्रशासन ने बताया कि बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर युवक नहा रहे थे वहां नदी काफी गहरी है और पहले भी यहां कई दुखद हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद लोग गर्मी के मौसम में यहां नहाने पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।








