-पीड़िता ने भखारा थाना पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
खिलेश साहू –
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम मंडाईभाठा में भाजपा नेता की कथित दबंगई का मामला वीडियो के माध्यम से सामने आया है,आमदी भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष मूरारी यदु पर ग्राम मंडाईभाठा निवासी ललिता यादव, पति वीरेंद्र यादव के साथ बेहुदा गाली-गलौज करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।
पीड़िता ललिता यादव ने भखारा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि भाजपा नेता सत्ता का धौंस दिखाकर आम लोगों को डराने और धमकाने का काम कर रहे हैं।
महिला के अनुसार, आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी, जिससे उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। पीड़िता ने कहा कि इस घटना के बाद उनके घर में डर और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि राजनीतिक प्रभाव और सत्ता का इस्तेमाल कर किसी महिला को डराना-धमकाना बेहद निंदनीय है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।








