वीरेंद्र तिवारी/सरगुजा-कोरिया। राजधानी दिल्ली में होने वाले विशाल आदिवासी महासम्मेलन को लेकर सरगुजा और कोरिया जिले में उत्साह चरम पर है। समाज के हजारों लोग पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक झांकियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन आदिवासी स्वाभिमान, संस्कृति और एकता का सबसे बड़ा प्रदर्शन साबित होगा। अंबिकापुर, बैकुंठपुर, बलरामपुर, रामानुजगंज सहित कई क्षेत्रों में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में देशभर से समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जहां आदिवासी संस्कृति, परंपरा, शिक्षा, अधिकार और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन में पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समाज के युवाओं और महिलाओं में भी कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि दिल्ली में होने वाला यह महासम्मेलन आदिवासी समाज की ताकत और एकजुटता का नया इतिहास रचेगा।








