बतौली संवाददाता – वीरेंद्र तिवारी
बतौली, सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सम्राट पेट्रोल पंप के पास बीती रात एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतापुर स्थित पीडब्ल्यूडी विभाग में पदस्थ टाइम कीपर अधिकारी शैलेश सिन्हा अपनी क्रेटा कार क्रमांक CG 15 DZ 9849 से सीतापुर से अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सम्राट पेट्रोल पंप के पास उनकी कार ने स्कूटी क्रमांक CG 15 AL 1554 को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी सवार युवक की पहचान आकाश कुजूर पिता अमर कुजूर निवासी बंधियाचुवा, अंबिकापुर के रूप में हुई है।

हादसे में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं तथा कान से खून बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-43 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने सड़क पर यातायात नियंत्रण और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना के बाद बतौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार को फिलहाल पुलिस ने छोड़ दिया है।








