जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। ग्राम पंचायत वटगन के युवाओं एवं ग्रामीणों ने एक प्रेरणादायक पहल शुरू की है। अब गांव में जिस परिवार में किसी सदस्य का निधन होता है, उसके परिजन दिवंगत की स्मृति में मुक्तिधाम में कुर्सियां एवं पौधे भेंट कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है तो दूसरी ओर मुक्तिधाम आने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले मुक्तिधाम में बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती थी। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने दिवंगत परिजनों की याद में कुर्सियां दान करने और पौधारोपण करने का निर्णय लिया।
इसी कड़ी में स्वर्गीय उमा बाई की स्मृति में उनके पुत्र मनोज वर्मा के सहयोग से मुक्तिधाम में अंतिम दर्शन स्थल का निर्माण कराया गया तथा कुर्सियां भी उपलब्ध कराई गईं। अब तक मुक्तिधाम में 10 कुर्सियां लगाई जा चुकी हैं, जिससे अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।
ग्रामीणों द्वारा नियमित रूप से मुक्तिधाम की साफ-सफाई भी की जा रही है। गांव की यह अनूठी पहल सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और दिवंगतों के सम्मान का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आई है।








