युसूफ खान/कुसमी (बलरामपुर)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 स्थित सिंचाई कॉलोनी में अकेली रह रही एक विधवा महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पूछताछ के दौरान सामने आए एक संदिग्ध युवक की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सिंचाई कॉलोनी निवासी सरस्वती बरगाह (46 वर्ष) अपने मकान में अकेली रहती थीं। लगभग 15 वर्ष पूर्व उनके पति रंगीलाल बरगाह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है और वे अपने-अपने ससुराल में रहती हैं, जिसके बाद से सरस्वती अकेले ही निवास कर रही थीं।
बताया गया कि 1 जुलाई की दोपहर वह अपनी बेटी से मिलने नगर के थानपारा बस्ती गई थीं। कुछ समय बाद वह वापस अपने घर लौट आईं। इसके बाद 4 जुलाई की सुबह उनकी बेटी जब मां से मिलने सिंचाई कॉलोनी स्थित घर पहुंची तो मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर दरवाजे के पास ही सरस्वती का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। यह देखकर बेटी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान एक संदिग्ध युवक का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की संभावना है।








