Home चर्चा में वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च में शामिल हुए विधायक ओंकार साहू

वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च में शामिल हुए विधायक ओंकार साहू

6
0

खिलेश साहू –

धमतरी विधायक ओंकार साहू आज कांकेर में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आयोजित “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

वर्तमान समय में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर देशभर में बहस जारी है। इसी क्रम में आयोजित इस मार्च के माध्यम से कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव जनता का मताधिकार है। प्रत्येक नागरिक के वोट का सम्मान और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित होना आवश्यक है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार की त्रुटि को लेकर यदि सवाल उठते हैं, तो उनका निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण होना चाहिए।

विधायक श्री साहू ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में मनमानीपूर्ण तरीके से निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट एवं पारदर्शी जवाब जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि चुनाव व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना लोकतंत्र की प्राथमिक आवश्यकता है। प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके और उसके मत की निष्पक्षता सुनिश्चित हो, यही लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना है।

श्री साहू ने कहा कि “वोट बचाओ–देश बचाओ” मार्च के माध्यम से मतदाता अधिकारों की रक्षा, चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की मांग को मजबूती से सामने रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here