Home चर्चा में “मेरे सपनों का भारत” में महिला सशक्तिकरण और समानता का संदेश, संचिता...

“मेरे सपनों का भारत” में महिला सशक्तिकरण और समानता का संदेश, संचिता गुप्ता ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति

11
0
संवाददाता: बसंत राघव
रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामगांव, रायगढ़ की कक्षा 12वीं बायो समूह की होनहार एवं प्रतिभावान छात्रा कु. संचिता गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता करते हुए अपने प्रभावशाली वक्तव्य से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
नटवर स्कूल, रायगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में संचिता गुप्ता ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने अपने भाषण में विकसित, शिक्षित, आत्मनिर्भर और समतामूलक भारत की परिकल्पना रखते हुए शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, रोजगार, सामाजिक समरसता तथा नागरिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए।
अपने वक्तव्य में संचिता ने भेदभाव रहित समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों का भारत ऐसा भारत है, जहां महिलाओं को किसी भी प्रकार के भेदभाव का सामना न करना पड़े, उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिले और शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व तथा निर्णय लेने के क्षेत्रों में उन्हें समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने महिला संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
छात्रा ने अपने भाषण में यह संदेश भी दिया कि महिलाओं को केवल संरक्षण की आवश्यकता नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों, क्षमताओं और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए समान अवसर और स्वतंत्र वातावरण मिलना चाहिए। महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित और समावेशी भारत की कल्पना अधूरी है।
संचिता ने पूरे आत्मविश्वास, स्पष्टता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति में विषय की समझ, तार्किक दृष्टिकोण तथा राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्रा संचिता गुप्ता के प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक सरोकारों को समझने का अवसर मिलता है।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि संचिता गुप्ता जैसी प्रतिभाशाली छात्राएं भविष्य में भी अपनी प्रतिभा एवं विचारों के माध्यम से विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here