Home चर्चा में सेवा संकल्प अभियान के तहत गंगालूर में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों...

सेवा संकल्प अभियान के तहत गंगालूर में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को मिली निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा

19
0

-टीबी एवं मलेरिया की जांच के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण, आयुष्मान कार्ड बनाने की भी मिली सुविधा

-कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में दूरस्थ अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की पहल

बीजापुर, 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को उनके नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 06 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगालूर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों के वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर का प्रमुख उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।

टीबी और मलेरिया की जांच के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण

स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही क्षय रोग (टीबी) की पहचान के लिए स्क्रीनिंग की गई तथा मलेरिया की जांच हेतु रक्त नमूने लेकर रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को टीबी एवं मलेरिया जैसी बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

आयुष्मान कार्ड निर्माण से स्वास्थ्य सुरक्षा को मिला बढ़ावा

शिविर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने एवं पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं एवं योजना के लाभों की जानकारी दी गई, ताकि पात्र परिवार आवश्यकता पड़ने पर योजना के तहत उपचार सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सफल आयोजन

स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के मार्गदर्शन तथा, खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, जिला समन्वयक एवं ब्लॉक समन्वयक के समन्वय से शिविर का आयोजन किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य जांच, उपचार, निःशुल्क दवाइयों तथा शासन की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान सुनिश्चित करने के प्रयासों को भी मजबूती मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here