अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान। स्थानीय वन परिक्षेत्र कार्यालय (फॉरेस्ट ऑफिस) के सामने एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक का गला और जबड़ा कट जाने से उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान ग्राम देवरी निवासी पुनीत टांडी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीत टांडी अपनी पैशन प्रो बाइक (क्रमांक CG 06 GF 0856) से अपनी तय बाईं दिशा (लेफ्ट साइड) में चलते हुए देवरी से कोमाखान की ओर आ रहा था। इसी दौरान वन विभाग कार्यालय के समीप एक मकान में काम कर रही जेसीबी (क्रमांक CG 06 HC 1678) अचानक मुख्य सड़क पर चढ़ने लगी।
सड़क के लेफ्ट साइड में ही मुख्य मार्ग पर चढ़ रही जेसीबी से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और पुनीत बुरी तरह कटकर सड़क पर जा गिरा। जेसीबी के धारदार हिस्से या मशीनरी की चपेट में आने से पुनीत का गला और जबड़ा बुरी तरह कट गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण स्पॉट पर ही उसकी सांसें थम गईं।

हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि राहगीरों और आसपास के लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया तथा जेसीबी व बाइक को अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से ग्राम देवरी और मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।







