Home चर्चा में साहित्यकार दीपक दुबे सागर को मिला ‘अटल मोदी उत्कृष्ट साहित्यकार सम्मान’

साहित्यकार दीपक दुबे सागर को मिला ‘अटल मोदी उत्कृष्ट साहित्यकार सम्मान’

15
0
बिलासपुर संवाददाता – रेशमा लहरे
मां महामाया साहित्यिक संस्थान के समारोह में हुआ सम्मान, ओजस्वी काव्य पाठ और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण की हुई सराहना
बिलासपुर। साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे बिलासपुर के साहित्यकार एवं कवि दीपक दुबे सागर को ‘अटल मोदी उत्कृष्ट साहित्यकार सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मां महामाया साहित्यिक संस्थान की ओर से आयोजित भव्य साहित्यिक समारोह में उन्हें यह सम्मान भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना और ओजस्वी काव्य अभिव्यक्ति के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह जे.पी. वर्मा पीजी महाविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित ‘अटल जी और मोदी जी’ अंतरराष्ट्रीय साझा काव्य संकलन पुस्तक के लोकार्पण एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के अवसर पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. चंद्र भूषण बाजपेई रहे। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं समीक्षक डॉ. राघवेंद्र दुबे ने की।
 अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती शशि सुरेंद्र दुबे एवं भाजपा नेत्री श्रीमती स्मृति वैष्णव जैन उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में जे.पी. वर्मा पीजी महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. एस.एल. निराला, सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. सीमा निगम एवं डॉ. प्रीति प्रसाद शामिल रहीं। कार्यक्रम का संयोजन भूपेंद्र श्रीवास्तव तथा सह-संयोजन मनोज कुमार पटेल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार सुरेश सिंह बैंस तथा युवा गीतकार विक्रम सिंह सेंगर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह में दीपक दुबे सागर ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी साहित्यिक प्रस्तुति से श्रोताओं को प्रभावित किया। उनकी काव्य अभिव्यक्ति की अतिथियों एवं उपस्थित साहित्यकारों ने सराहना की। सम्मान प्राप्त होने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की गई।
दीपक दुबे सागर को मिला यह सम्मान उनकी साहित्य साधना, राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना के प्रति समर्पण का सम्मान है। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here