Home मुख्य ख़बरें रायपुर में गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग, रातभर कड़ी मशक्कत के बाद...

रायपुर में गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग, रातभर कड़ी मशक्कत के बाद काबू; मशीनें और कच्चा माल खाक

73
0

धरसीवां/रायपुर-

सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित अरविंद गद्दा फैक्ट्री में मंगलवार देर रात अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग फैलने की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री के भीतर रखा कच्चा माल और कई मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

आग लगते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद करीब छह फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने रातभर कड़ी मशक्कत कर बुधवार सुबह तक आग को पूरी तरह काबू में किया। तेज लपटों और धुएं के बीच राहत कार्य में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, आग अरविंद इंडस्ट्रीज की उस यूनिट में लगी थी जहाँ गद्दों के लिए फोम और अन्य सामग्री का स्टॉक रखा जाता है। आग ने कुछ ही देर में पूरे स्टोर और उत्पादन उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।

करोड़ों का नुकसान संभावित
फैक्ट्री संचालक अरविंद अग्रवाल ने बताया कि आग में कई महत्वपूर्ण मशीनें, तैयार गद्दे और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, नुकसान की राशि करोड़ों में पहुँच सकती है। हालांकि विस्तृत आंकलन अभी जारी है।

घटना के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here