आरंग संवाददाता – सोमन साहू
बागेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में होगी बैठक, समिति गठन और आयोजन की रूपरेखा पर होगा निर्णय
आरंग नगर में प्रस्तावित श्री रामचरितमानस महायज्ञ के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 26 अप्रैल 2026, रविवार को सायं 5:00 बजे बागेश्वर पारा स्थित श्री बागेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में सर्व सनातनी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में महायज्ञ के आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही समाजजनों से सहयोग प्राप्त करने, धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन और व्यवस्थाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए श्री रामचरितमानस महायज्ञ समिति का गठन किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां और कार्यभार भी सौंपा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर के समाज प्रमुख, गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमीजन, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति सहित सनातन समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है।
आयोजकों के अनुसार, यह महायज्ञ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनकल्याण, विश्व शांति, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण और धर्म चेतना का एक पावन माध्यम बनेगा।
संयोजकों ने नगर के समस्त नागरिकों और सभी समाजों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव, सहयोग और सहभागिता प्रदान करें, ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाया जा सके।








