विमल सोनी/बिलासपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों को लेकर जिला शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को नेहरू चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता की परेशानियों को उठाया और महंगाई को लेकर जनमत संग्रह के रूप में रायशुमारी अभियान भी चलाया।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे लोगों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और महंगाई के मुद्दे पर उनकी राय ली। कई लोगों ने बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के दाम कम करने तथा आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की गई।








