-21 अप्रैल से लंबित भुगतान को लेकर प्रशासन गंभीर, भुगतान में देरी से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका
युसूफ खान/कुसमी। हिंडाल्को सामरी माइंस में ट्रक मालिकों के लंबित परिवहन भुगतान को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी, कुसमी ने हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, बॉक्साइट माइंस सामरी के महाप्रबंधक को नोटिस जारी कर बकाया ट्रांसपोर्टिंग भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी है।
प्रशासन की ओर से 14 अगस्त 2026 को जारी पत्र में ट्रक मालिकों द्वारा 13 अगस्त को प्रस्तुत संयुक्त ज्ञापन का हवाला दिया गया है। ज्ञापन में ट्रक मालिकों ने बताया था कि कंपनी के अधीन कार्यरत जी.एन.सी. ठेकेदार/कंपनी द्वारा 21 अप्रैल 2026 से परिवहन (परिवहन भाड़ा) भुगतान नहीं किया गया है।
नोटिस में प्रशासन ने कहा है कि भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण ट्रक मालिकों द्वारा गोपातु मोड़ पर हड़ताल/आंदोलन किए जाने की सूचना दी गई है। इससे क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था तथा परिवहन कार्य प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है।

तीन दिन में देना होगा स्पष्ट जवाब
प्रशासन ने हिंडाल्को प्रबंधन से नोटिस प्राप्ति के 3 दिवस के भीतर स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत करने को कहा है। नोटिस में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है—
– जी.एन.सी. ठेकेदार द्वारा ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान की वर्तमान स्थिति क्या है?
– भुगतान में हो रहे विलंब का कारण क्या है और बकाया राशि का भुगतान कब तक पूर्ण कर दिया जाएगा?
– यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है तो कंपनी प्रबंधन द्वारा आवश्यक कदम उठाने के लिए क्या कार्रवाई की गई है?
आंदोलन के बीच प्रशासन की कार्रवाई
ट्रक मालिकों के भुगतान को लेकर पहले से ही नाराजगी बनी हुई है। भुगतान नहीं होने से वाहन मालिकों पर किस्त, डीजल, मरम्मत और अन्य खर्चों का आर्थिक दबाव बढ़ने की बात सामने आई है। इसी बीच प्रशासन द्वारा हिंडाल्को प्रबंधन को नोटिस जारी किए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हिंडाल्को प्रबंधन प्रशासन के नोटिस का क्या जवाब देता है और लंबित भुगतान को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं। वहीं ट्रक मालिकों के आंदोलन को लेकर भी आने वाले दिनों में स्थिति महत्वपूर्ण रहने वाली है।







